Events and Activities Details
Event image

20-02-2026 One-Day Dual-Session Expert Lecture on Financial Literacy and Smart Investment Management


Posted on 23/02/2026

राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, साहा के प्लेसमेंट सेल द्वारा 20 फरवरी 2026 को वित्तीय साक्षरता एवं स्मार्ट निवेश प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय द्वि-सत्रीय विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्थिक जागरूकता, धन प्रबंधन एवं निवेश संबंधी व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री Rohit Kumar (सहायक प्रोफेसर, Govt. College SaraswatNagar) ने दोनों सत्रों में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। प्रथम सत्र में विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता के मूलभूत सिद्धांतों से अवगत कराया गया। वक्ता ने आय, व्यय, बचत, बजट निर्माण, बैंकिंग प्रणाली तथा डिजिटल भुगतान के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक अनुशासन और सुविचारित योजना के अभाव में आय का स्तर बढ़ने पर भी वित्तीय स्थिरता प्राप्त नहीं की जा सकती। द्वितीय सत्र में स्मार्ट निवेश प्रबंधन की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ता ने विभिन्न निवेश विकल्पों जैसे बैंक जमा, बीमा, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार एवं अन्य निवेश साधनों की मूलभूत जानकारी प्रदान की। उन्होंने जोखिम और प्रतिफल के संतुलन, दीर्घकालिक निवेश रणनीति तथा विवेकपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रिया पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह समझाया कि निवेश केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि वित्तीय सुरक्षा और भविष्य की स्थिरता का साधन है। कार्यक्रम में कुल 52 विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए वित्तीय योजना, निवेश जोखिम तथा भविष्य की आर्थिक रणनीति से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के अंत में प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. राजीव गोयल ने मुख्य वक्ता का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा महाविद्यालय की प्राचार्या Dr. Renu Rishi का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्राचार्या के निरंतर प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन से ऐसे उपयोगी शैक्षणिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन संभव हो पाता है। इस अवसर पर डॉ. राजीव गोयल, श्री किरतपाल, श्री वीरेंद्र, डॉ. चंचल, श्री संजय, डॉ. गणेश्वरी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।